
चमोली, 4 अक्टूबर . उत्तराखंड के चमोली में एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अनियंत्रित ट्रक ने दो वाहनों को टक्कर मार दी. इस घटना में कई लोग घायल हो गए. यह घटना चमोली के देवलीबगड़ बैंड क्षेत्र के पास की है.
मिली जानकारी के अनुसार, चमोली में देवलीबगड़ बैंड के पास सुबह ही यह बड़ा सड़क हादसा हुआ. अनियंत्रित ट्रक ने पहले एक बस को टक्कर मारी और फिर गलत दिशा में जाकर सामने से आ रही एक कार से भी टकरा गया. इस हादसे में कार में सवार महिला और चालक घायल हुए हैं.
घटना Sunday तड़के करीब 3.16 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, चमोली की ओर से आ रहा ट्रक संख्या यूके13सीए-3917 देवलीबगड़ बैंड के पास अचानक अनियंत्रित हो गया. ट्रक ने ऋषिकेश की ओर से आ रही बस संख्या यूके07पीए-7700 को टक्कर मारी और इसके बाद गलत दिशा में जाकर कार संख्या यूके08टीए-5500 से जा भिड़ा.
हादसे में कार सवार रूबी मंगरीश, निवासी नॉर्थ गोवा और कार चालक ताज सिंह घायल हुए हैं. दोनों के सिर में चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा गया है.
इस हादसे में ट्रक, बस और कार को भी नुकसान पहुंचा है. ट्रक चालक की पहचान सुरेंद्र रावत, निवासी श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है. Police मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है.
वहीं, उत्तराखंड के चकराता में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ. एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, 2 अक्टूबर को देहरादून के ट्यूनी में चिल्लाड के पास एक फोर्ड कार लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई. इस घटना में 39 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.
मृतक की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी के रूप में हुई. घायलों की पहचान 27 वर्षीय सुनील मंडल और देहरादून निवासी ऋषभ के रूप में हुई.
–
एएमटी/डीकेपी