आरएलएम युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुशवाहा पहुंचे पटना, कहा-जेन जी से संवाद, शिक्षा और रोजगार होगी प्राथमिकता

Patna, 3 नवंबर . राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम ) के युवा मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल कुशवाहा ने Tuesday को कहा कि जेन जी (नई पीढ़ी) से संवाद स्थापित करना, शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है. उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं को समझकर उनकी आवाज उचित मंच तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए काम किया जाएगा. राहुल कुशवाहा के बिहार में प्रथम आगमन पर Patna हवाई अड्डे पर युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने फूल-मालाओं और उत्साहपूर्ण नारों के साथ उनका अभिनंदन किया.
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा द्वारा राहुल कुशवाहा को युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उनका बिहार आगमन संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में राहुल कुशवाहा ने स्वागत के लिए युवाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को संगठित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता देना उनका उद्देश्य है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं के भविष्य के दो प्रमुख आधार हैं. विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, बेरोजगार युवाओं और युवा उद्यमियों की समस्याओं को समझना तथा उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और चुनौतियों को समझने का प्रयास किया जाएगा. राहुल कुशवाहा ने कहा कि युवा मोर्चा को गांव, पंचायत, प्रखंड, जिला, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ लगातार संवाद किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास रहेगा कि युवाओं को अपनी समस्याएं रखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिले. उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग कर संगठन को नई मजबूती प्रदान की जा सकती है. इसके लिए युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझना और उनके साथ मिलकर काम करना जरूरी है.
राहुल कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. युवाओं के हितों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना उनकी प्राथमिकता होगी. उल्लेखनीय है कि राहुल कुशवाहा पूर्व में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छात्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं. युवा राजनीति में उनकी पहचान रही है और युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है. उनके बिहार आगमन को पार्टी के युवा संगठन के विस्तार और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
–
एमएनपी/पीएम


