आज भी इंडस्ट्री में कुछ अभिनेत्रियां खुद को फेमिनिस्ट कहने से बचती हैं : फातिमा सना शेख

Mumbai , 23 सितंबर . फातिमा सना शेख इन दिनों अपनी अपकमिंग सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ को लेकर चर्चा में हैं. इस सीरीज में वह एक ऐसी Police अफसर का किरदार निभा रही हैं, जो एक नाबालिग लड़की से जुड़े यौन शोषण के मामले की जांच करती है और सच सामने लाने की कोशिश करती है. अपने इस किरदार के साथ फातिमा ने एक बार फिर महिलाओं से जुड़े मुद्दे पर खुलकर बात की है. उन्होंने फेमिनिज्म को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की हैरानी होती है कि आज भी इंडस्ट्री में कुछ अभिनेत्रियां खुद को फेमिनिस्ट कहने से बचती हैं.

फातिमा ने कहा, ”फेमिनिज्म को बहुत से लोग एक बुरा शब्द मानते हैं. यह देखकर हैरानी होती है कि कुछ अभिनेत्रियां कहती हैं कि वे फेमिनिस्ट नहीं हैं. फेमिनिस्ट होने का मतलब पुरुषों के अधिकार छीनना नहीं है, बल्कि महिलाओं के लिए बराबरी के अधिकार की बात करना है. महिलाओं को अपने अधिकारों और अपनी बात रखने में झिझक महसूस नहीं करनी चाहिए.”

अपनी बात को आगे समझाते हुए फातिमा ने प्रियंका चोपड़ा जोनस का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा, ”प्रियंका खुले तौर पर खुद को फेमिनिस्ट कहती हैं और इसके बावजूद उनकी बड़ी संख्या में पुरुष फैन फॉलोइंग है. अगर किसी इंसान की सोच और इरादा साफ है और वह अपनी बात समझदारी से रखता है, तो लोग उसकी बात सुनते हैं. प्रियंका इस बात का बड़ा उदाहरण है कि फेमिनिज्म की बात करने से किसी कलाकार का दर्शकों से जुड़ाव खत्म नहीं होता.”

वहीं, ‘हुंकार: द रोर’ की बात करें तो इसमें फातिमा एक सख्त और अपने काम को लेकर गंभीर Police अफसर के किरदार में नजर आएंगी. सीरीज में अनीत पड्डा एक नाबालिग लड़की का किरदार निभा रही हैं, जो एक आध्यात्मिक गुरु पर यौन शोषण का आरोप लगाती है. फातिमा का किरदार इस मामले की जांच करता है और लड़की को न्याय दिलाने के लिए मामले की तह तक जाने की कोशिश करता है.

फातिमा ने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि इस सीरीज पर काम करने के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा अच्छा यह लगा कि मेकर्स ने उन्हें बराबरी का दर्जा दिया. कहानी में अपराध, न्याय और ताकत के बीच एक महिला की सच के लिए लड़ाई को केंद्र में रखा गया है.

‘हुंकार: द रोर’ का निर्माण बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने पर्पल पेबल पिक्चर्स और मंगाटा फिल्म्स के साथ मिलकर किया है. सीरीज का निर्देशन करण डी कपाड़िया और नित्या मेहरा ने किया है. यह क्राइम ड्रामा सीरीज 25 सितंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.

पीके/एएस

Leave a Comment