असम: भूटान से छोड़े गए पानी से बेकी नदी उफान पर, बरपेटा और बक्सा में हाई अलर्ट जारी

गुवाहाटी, 1 सितंबर . भूटान के कुरिशु जलविद्युत परियोजना से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद असम की बेकी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है. नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बरपेटा और बक्सा जिलों के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. स्थिति को देखते हुए दोनों जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.

प्रशासन के अनुसार, Monday देर रात बेकी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल बन गया. हालांकि, Tuesday दिन में जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है.

बरपेटा के जिला आयुक्त ने प्रभावित तटीय क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए. जिला प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहा है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

बरपेटा जिला प्रशासन ने तटीय गांवों में लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को लगातार चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति बेकी नदी या उसके जलक्षेत्र में मछली पकड़ने, नाव चलाने, बहती लकड़ी इकट्ठा करने या स्नान करने के लिए नदी में न जाए.

जिला प्रशासन ने इस संबंध में एक आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि अगले आदेश तक नदी में किसी भी प्रकार की गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है.

बरपेटा और बक्सा जिला प्रशासन ने कहा कि दोनों जिलों में हालात पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल तैयार रखे गए हैं.

डीएससी

Leave a Comment