
Mumbai , 22 सितंबर . मेगास्टार अमिताभ बच्चन अक्सर अपने ब्लॉग के जरिए फैंस से अपने दिल की बात साझा करते रहते हैं. इस बार बिग बी ने अपनी जीवन में संगीत के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने बताया कि कैसे संगीत उनकी आत्मा से जुड़ा हुआ है और उनके लिए इसका क्या मतलब है.
मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने संगीत से अपने जुड़ाव के बारे में बात करते हुए कहा कि संगीत के बिना जिंदगी नीरस, बेस्वाद और फीकी है. बिग बी ने अपने ब्लॉग में संगीत से अपने गहरे लगाव के बारे में लिखा, “जब संगीत की डोर आत्मा से जुड़ जाती है, तो समय मासूम हो जाता है.”
उन्होंने आगे लिखा, “जब संगीत की डोर आत्मा से जुड़ जाती है, तो समय नादान हो जाता है. ऐसा ही हुआ और अभी तक उस डोर को पकड़े हुए हैं. संगीत बिना जीवन नीरस, अरुचिकर, बिना स्वाद के और जो करना चाहिए था, उसका समय निकल गया है. ईर्ष्या होती है उन लोगों से, जिन्होंने संगीत के रस को घोल-घोल कर पिया है, पिरोया है अपने जीवन में.”
अपनी बात खत्म करते हुए बिग बी ने लिखा, “बस अब तो केवल उनकी अपार प्रशंसा करने योग्य होने का दावा करने की कोशिश करते हैं. मानें या न मानें, जीवन का प्रत्येक क्षण संगीत रस से भरा हुआ होता है. वो प्याला यदि मिल जाए, तो उसे कभी न छोड़ूं. प्रणाम! निद्रा और संगीत भरी रात्रि का आगमन.”
Actor अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति-18वां सीजन’ होस्ट कर रहे हैं. यह शो पहली बार वर्ष 2000 में शुरू हुआ था. इस क्विज शो को इंडियन टेलीविजन की सबसे आइकॉनिक फ्रेंचाइजी में से एक बना दिया था.
यह शो ब्रिटिश शो ‘हू वांट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ का हिंदी वर्जन है. इसका फॉर्मेट ‘हू वांट्स टू बी अ मिलियनेयर?’ फ्रेंचाइजी के दूसरे शोज जैसा ही है, जिसमें प्रतियोगियों से बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें चार विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है. अगर उन्हें जवाब पर शक हो तो मदद के लिए उन्हें लाइफलाइन भी दी जाती है.
–
एनएस/पीएम