‘अगर हमें एक और विकेट मिल जाता तो मैच लगभग खत्म था’, दूसरे टी20 में हार के बाद बोले कप्तान मिचेल सैंटनर

क्राइस्टचर्च, 24 अक्टूबर . न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में India के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड से मिले 181 रनों के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हुए 6 विकेट खोकर हासिल किया. हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी की तारीफ की.
सैंटनर ने कहा कि अगर न्यूजीलैंड टीम एक विकेट और निकालने में सफल रहती, तो मैच लगभग वही खत्म हो जाता. उन्होंने मुकाबले के बाद कहा, “देखिए, आप एक बहुत अच्छी टीम के खिलाफ खेल रहे हैं. मुझे लगता है कि ऐसा तो होना ही था. तिलक, नमन और फिर आखिर में रेड्डी ने वाकई बहुत अच्छा खेला. मुझे लगता है कि अगर हमें वहां एक और विकेट मिल जाता, तो मैच लगभग खत्म ही हो जाता. जिस तरह से उन्होंने चेज को कंट्रोल किया और शायद हमारी कुछ गलतियों का फायदा उठाया, वह काबिले तारीफ है.”
स्पिनरों के प्रभाव और ग्लेन फिलिप्स सहित अन्य गेंदबाजी विकल्पों पर बात करते हुए कीवी कप्तान ने कहा, “मेरे दिमाग में कई बातें चल रही हैं. मुझे लगता है कि जिस तरह से हमारे गेंदबाजों ने शुरुआत की, वह शानदार थी. 180 जैसे स्कोर का पीछा करते हुए अगर कोई टीम पावरप्ले में ही तेज शुरुआत कर ले, तो वहां से वापसी करना काफी मुश्किल हो जाता है. इसी वजह से मुझे लगता है कि हमने उन्हें वापस खेल में लाने के लिए काफी अच्छा काम किया. बीच के ओवरों में ब्रेसवेल ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और हमें कुछ विकेट भी मिले. हालांकि, कुछ नो-बॉल (जिसमें विकेट भी गिरा) जैसी गलतियां हुईं, जिसका हमें नुकसान उठाना पड़ा. कौशल के नजरिए से देखें तो पिछले दो मैचों में हमारा प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है. बस कुछ छोटे-छोटे पल ऐसे रहे—चाहे फील्डिंग में हो या कुछ अन्य छोटी-मोटी गलतियां—जिनका हमें थोड़ा नुकसान उठाना पड़ा.”
ग्लेन फिलिप्स की शानदार पारी की सैंटनर ने सराहना की. उन्होंने कहा, “जाहिर है कि ग्लेन फिलिप्स काफी समय से ऐसा कर रहे हैं और मुझे लगता है कि बेवन जैकब्स ने भी स्थिति को बहुत अच्छे से संभाला. हमने शुरुआत में ही तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन फिर उन्होंने पारी को आगे बढ़ाया. मेरे हिसाब से 10 ओवर के बाद हमारे स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 60 के आसपास रन थे, लेकिन यह ऐसी पिच थी जहां अगर आप थोड़ा समय लें और कुछ गेंदें खेलें, तो आप इन दोनों की ताकत का फायदा उठा सकते हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगा कि उन्होंने (फिलिप्स-जैकब्स) बहुत अच्छा खेला. फिर मैंने भी कुछ गेंदें रोकीं, लेकिन ब्रेसवेल ने दो गेंदों पर 10 रन बनाए, जिससे हम 180 तक पहुंच सके.” मैट हेनरी के मैदान से बाहर जाने और सीरीज के दौरान चोट या रोटेशन की संभावना पर बात करते हुए सैंटनर ने कहा, “मुझे लगता है कि यह एहतियात के तौर पर किया गया है, और लॉकी फर्ग्यूसन भी मैदान से बाहर चले गए थे. उम्मीद है कि वह जल्दी ठीक हो जाएंगे. हालांकि, पूरी सीरीज और वनडे मैचों में, जहां मैच बहुत जल्दी-जल्दी होने हैं, वहां थोड़ा रोटेशन हो सकता है. मुझे लगता है कि ऐसा करना ही पड़ेगा.”
–
एसएम/डीकेपी


