पश्चिम बंगाल चुनाव : 2.4 लाख अर्धसैनिक जवानों की सबसे बड़ी तैनाती, सख्त निगरानी जारी

कोलकाता, 7 अप्रैल . पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं. राज्य में अब तक की सबसे बड़ी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जिससे चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके.

राज्य में करीब 2,400 अर्धसैनिक कंपनियों के जवान तैनात किए गए हैं. इनकी कुल संख्या लगभग 2,40,000 बताई जा रही है. खास बात यह है कि यह तैनाती पिछले चुनाव के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है, जो इस बार सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है.

इतना ही नहीं, इस बार महिला सुरक्षा कर्मियों की भी रिकॉर्ड संख्या में तैनाती की गई है. जानकारी के मुताबिक, करीब 20,000 महिला अर्धसैनिक जवान, यानी लगभग 200 कंपनियां, चुनाव ड्यूटी में लगाई गई हैं.

सूत्रों का कहना है कि विभिन्न एजेंसियों, जिनमें चुनाव आयोग भी शामिल है, ने गृह मंत्रालय को महिला सुरक्षाकर्मियों की अधिक आवश्यकता के बारे में बताया था. इसके बाद ही इतने बड़े स्तर पर महिला बलों की तैनाती का फैसला लिया गया.

अगर चुनाव कार्यक्रम की बात करें तो पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों पर इस बार मतदान केवल दो चरणों में कराया जाएगा. पहला चरण 23 अप्रैल को 152 सीटों पर होगा जबकि दूसरा चरण 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों के लिए आयोजित किया जाएगा. मतगणना और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

ध्यान देने वाली बात यह भी है कि इस बार 2021 के मुकाबले चुनाव कम चरणों में हो रहे हैं, जिससे मतदाताओं और प्रशासन दोनों को सुविधा मिलेगी. पूरे राज्य में आचार संहिता भी लागू हो चुकी है और चुनाव आयोग हर स्तर पर निगरानी बनाए हुए है.

बता दें कि 6 अप्रैल को Supreme Court ने एनआईए को पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की घटना की जांच करने का निर्देश दिया. यहां, एसआईआर के लिए तैनात सात न्यायिक अधिकारियों को कथित तौर पर कालियाचौक के एक बीडीओ ऑफिस में कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया था.

वीकेयू/पीएम

Leave a Comment