
अमरावती, 24 मई . आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के चित्याला में Sunday को इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है.
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) के अनुसार, पश्चिम गोदावरी जिले के तनुकु और पलनाडु जिले के पिडुगुरल्ला में भी तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. लगातार बढ़ती गर्मी ने कई जिलों में हालात गंभीर बना दिए हैं.
एसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि राज्य के 13 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. वहीं 17 जिलों के 174 मंडलों में तापमान 44 डिग्री से अधिक रहा.
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा गर्मी एलुरु जिले के 23 मंडलों में दर्ज की गई. इसके अलावा पूर्वी गोदावरी के 21, पश्चिम गोदावरी के 17, कृष्णा के 16, बापटला के 15, एनटीआर जिले के 14, पलनाडु के 13, कोनसीमा के 12 और काकीनाडा के 11 मंडल भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे.
प्रखर जैन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की भीषण गर्मी जारी रह सकती है. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच यात्रा करने से बचें. यदि जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े तो अपने साथ पीने का पानी जरूर रखें.
मौसम विभाग के अनुसार, Monday 25 मई को राज्य के 29 मंडलों में गंभीर हीटवेव और 166 मंडलों में सामान्य हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है. वहीं Tuesday को 50 मंडलों में गंभीर और 205 मंडलों में सामान्य हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है.
कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, पोलावरम, एलुरु, एनटीआर, कृष्णा, गुंटूर, बापटला, पलनाडु और प्रकाशम जिलों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है.
पड़ोसी राज्य तेलंगाना में भी हीटवेव का असर जारी है. राज्य के 33 में से 16 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया. भद्राद्री कोठागुडेम जिले के दुम्मुगुडेम और जगतियाल जिले के धर्मपुरी में सबसे अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, हैदराबाद में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.
–
वीकेयू/डीकेपी