आदित्य धर की ‘धुरंधर’ पर फिदा हुए सुभाष घई, कहा- ‘आप बधाई से ज्यादा के हकदार हो’

Mumbai , 12 जनवरी . हिंदी सिनेमा में इन दिनों ऐसी कई फिल्में देखने को मिल रही हैं, जो केवल मनोरंजन ही नहीं देतीं, बल्कि कहानी, किरदार और तकनीकी स्तर पर भी अपना अलग प्रभाव छोड़ती हैं. ऐसी ही एक फिल्म है ‘धुरंधर’, जिसने दर्शकों और आलोचकों दोनों का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

इस कड़ी में फिल्म को लेकर अब Bollywood के दिग्गज फिल्म निर्माता सुभाष घई ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है और फिल्म निर्माता आदित्य धर की खूब सराहना की है.

सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर आदित्य धर की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि फिल्म ने उन पर गहरा असर डाला है. उन्होंने कहा, ”आप बधाई से ज्यादा के हकदार हो, क्योंकि आपने हिंदी सिनेमा में कला से भरी फिल्म को व्यावसायिक मंच पर पेश किया है.’

सुभाष ने फिल्म की कई चीजों की विशेष तौर पर तारीफ की. उन्होंने कहा, “फिल्म की कहानी अध्यायों में बटी हुई है, इसमें कई परतदार संघर्ष और चुनौतियां हैं, और किरदारों को बहुत ध्यान और मेहनत से तैयार किया गया है. इसके अलावा, कास्टिंग, कॉस्ट्यूम, कैमरा वर्क, एक्शन सीन, और भव्य सेट्स बहुत प्रभावशाली हैं.”

सुभाष ने आगे लिखा, ”फिल्म ‘धुरंधर’ पूरी तरह से अपनी व्यावसायिक सफलता की हकदार है. मैं आदित्य धर और उनकी पूरी टीम पर गर्व महसूस करता हूं और उन्हें अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं देता हूं. फिल्म ने सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन नहीं किया, बल्कि कहानी और प्रस्तुति की गुणवत्ता के मामले में एक नया मानक स्थापित किया है.”

फिल्म की कहानी एक एंटी-टेरर गुप्त मिशन पर आधारित है. इसमें एक अंडरकवर एजेंट कराची की अपराध और Political दुनिया में घुसपैठ करता है. यह कहानी दर्शकों को रोमांच और सस्पेंस से भर देती है, साथ ही उसे वास्तविक जीवन की घटनाओं से जोड़ती है. फिल्म में ऐसे कई बड़े कलाकार हैं, जिनमें रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल शामिल हैं. इन कलाकारों के प्रदर्शन ने फिल्म को और भी मजबूत और भरोसेमंद बना दिया है.

बता दें कि ‘धुरंधर’ फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है. फिल्म इंडियन बॉक्स ऑफिस से लेकर वर्ल्डवाइड तक ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ में अर्जुन रामपाल के अलावा रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन अहम भूमिकाओं में हैं. इनके अलावा सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश पंडोर ने भी काम किया है.

पीके/एएस

Leave a Comment