पाकिस्तान : आदियाला जेल के बाहर पीटीआई का प्रदर्शन, रावलपिंडी में धारा 144 लागू

इस्लामाबाद, 7 अप्रैल . आदियाला जेल के बाहर Pakistan तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के विरोध प्रदर्शन को लेकर अध‍िकार‍ियों ने सख्‍त कदम उठाया है. प्रदर्शन को देखते हुए रावलपिंडी में 20 अप्रैल तक धारा 144 लगा दी गई है.

Monday को जारी एक आदेश में रावलपिंडी के डिप्टी कमिश्नर हसन वकार चीमा ने 6 अप्रैल से 20 अप्रैल तक के लिए धारा 144 लागू कर दी. इसके तहत किसी भी तरह की भीड़, धरना या प्रदर्शन करने पर रोक लगा दी गई है.

आदेश में कहा गया है कि जिला इंटेलिजेंस कमेटी (डीआईसी) की चार अप्रैल की बैठक में जानकारी मिली थी कि रावलपिंडी जिले में, खासकर संवेदनशील जगहों, मुख्य सड़कों और अहम इमारतों के आसपास कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है.

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ समूह और लोग ऐसे हैं, जो भीड़ इकट्ठा करके हालात खराब करने की कोशिश कर सकते हैं. यह भी कहा गया है कि ये लोग आसान निशाने चुन सकते हैं और लोगों को उकसा कर हिंसक गतिविधियां करवा सकते हैं.

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इन हालातों को देखते हुए लोगों और इमारतों की सुरक्षा के लिए यह कदम जरूरी है. इसलिए रावलपिंडी में पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है.

इसके अलावा हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक है और भड़काऊ या नफरत फैलाने वाली बातों पर भी पाबंदी लगाई गई है.

हथियार, नुकीली चीजें, बॉल बेयरिंग, पेट्रोल बम, लाठी-डंडे या कोई भी ऐसा सामान ले जाने पर भी रोक है जिसका इस्तेमाल हिंसा के लिए हो सकता है. बाइक पर दो लोगों के साथ बैठकर चलने और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है.

यह आदेश ऐसे समय में आया है जब पीटीआई ने आदियाला जेल के बाहर “शांतिपूर्ण प्रदर्शन” का ऐलान किया है. पार्टी का कहना है कि इमरान खान से मिलने पर लगाई गई पाबंदियों के खिलाफ यह प्रदर्शन किया जाएगा.

इसके अलावा पीटीआई ने 9 अप्रैल को भी रावलपिंडी में प्रदर्शन करने की बात कही है. यह वही दिन है, जब 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए इमरान खान को सत्ता से हटाया गया था.

पिछले कुछ महीनों से पीटीआई हर Tuesday और Thursday को आदियाला जेल के बाहर धरना दे रही है. ये वही दिन हैं जब अदालत की तरफ से इमरान खान से मिलने की इजाजत दी गई है. हालांकि, इस दौरान उनके परिवार और पार्टी नेताओं से मिलने पर कई तरह की पाबंदियां भी लगाई गई हैं.

एवाई/एबीएम

Leave a Comment