दिल्ली के महरौली से ड्रग तस्करी में नाइजीरिया का नागरिक गिरफ्तार, 10 करोड़ की कोकीन जब्त

New Delhi, 3 अप्रैल . दक्षिण जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने उच्च गुणवत्ता वाली 1.031 किलो कोकीन जब्त की और इस ड्रग सप्लाई सिंडिकेट का मुख्य सदस्य को धर दबोचा. जब्त की गई कोकीन की बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है.

आरोपी एक नाइजीरियन नागरिक है, जो दक्षिण और दक्षिण-पूर्व दिल्ली में कोकीन की सप्लाई करता था और उसका नेटवर्क काफी बड़ा था.

आरोपी का नाम जॉन चिबुइके (35 साल) है. वह मेहरौली के इस्लाम कॉलोनी में रहता है. जॉन पहले भी 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामले में शामिल था.

ऑपरेशन कवच 13.0 के दौरान स्पेशल स्टाफ ने आरोपी जॉन चिबुइके को इस्लाम कॉलोनी स्थित उसके घर में घेरकर पकड़ा. टीम ने मैनुअल और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी को ट्रैक किया और उसके घर में रेड कर 1.031 किलो कोकीन जब्त कर ली.

ऑपरेशन की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुज कुमार (आईसी/स्पेशल स्टाफ) ने किया और एसीपी अभिनेन्द्र जैन की देखरेख में यह कार्रवाई हुई. टीम में एसआई अमित ग्रेवाल, एसआई मनीष फोगाट, एचसी अक्षय, एचसी राकेश, एचसी संतवीर, एचसी मनीष, कॉन्सटेबल अंकित और कॉन्सटेबल सुरेन्द्र शामिल थे.

यह कार्रवाई ड्रग सप्लाई चेन को काफी बड़ा झटका देने वाली है. आरोपी को पकड़ने के साथ ही मेहरौली थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

जांच अभी भी जारी है और स्पेशल स्टाफ पूरे सिंडिकेट को तोड़ने की कोशिश कर रही है. सप्लाई चैन के अन्य सदस्य, अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय लिंक भी ट्रेस किए जा रहे हैं.

ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत दक्षिण जिला Police लगातार नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और इस तरह की बड़ी सफलता से नशा तस्करी पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है.

पीआईएम/वीसी

Leave a Comment