ओमान तट के पास व्यापारी तेल टैंकर पर मिसाइल हमला, 24 भारतीयों को किया गया रेस्क्यू

New Delhi, 8 जून . भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) Mumbai ने ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर एक त्वरित और सफल बचाव अभियान को अंजाम दिया है. ओमान तट के पास एक व्यापारी तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले के बाद, जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है.

भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, यह घटना 8 जून 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे सामने आई, जब एमआरसीसी Mumbai को सूचना मिली कि पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर ‘एमटी मारिवेक्स’ पर ओमान के मसिराह तट के पास लंगर डाले रहने के दौरान मिसाइल से हमला हुआ है. जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे. यह सूचना जहाज पर मौजूद एक नाविक के परिजन द्वारा एमआरसीसी Mumbai को दी गई.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एमआरसीसी Mumbai ने तुरंत ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र से संपर्क स्थापित किया और उनसे खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व संभालने तथा चालक दल की तत्काल सहायता करने का अनुरोध किया.

ओमान के बचाव केंद्र ने तत्परता दिखाते हुए एक नजदीकी जहाज को घटनास्थल की ओर भेजा और बचाव कार्यों के लिए दो हेलीकॉप्टर तैनात किए. पूरे अभियान के दौरान एमआरसीसी Mumbai , ओएमएससी ओमान और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय बना रहा.

शाम करीब 5 बजे, ओमान के अधिकारियों ने पुष्टि की कि नौसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. सभी नाविक सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है. फिलहाल प्रभावित जहाज मसिराह, ओमान के तट के पास लंगर डाले हुए है.

भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह सफल अभियान अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय बचाव एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है. साथ ही यह दुनिया के किसी भी हिस्से में संकट में फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति भारतीय तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.

हिंद महासागर क्षेत्र में विशाल खोज एवं बचाव क्षेत्र के लिए नामित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के रूप में एमआरसीसी Mumbai क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ मिलकर समुद्र में मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है. भारतीय तटरक्षक बल ने दोहराया कि वह समुद्री सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सुरक्षित समुद्री वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.

एएमटी/एएस

Leave a Comment