
लॉस एंजिल्स, 9 जून . भारतवंशी नित्या रमन ने लॉस एंजिल्स के मेयर पद की दौड़ में एक महत्वपूर्ण जीत (प्राइमरी चुनाव) हासिल करते हुए नवंबर में होने वाले आम चुनाव के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है. उन्होंने अमेरिका की मशहूर शख्सियत को मात दी. नित्या ने पूर्व रियलिटी टीवी स्टार स्पेंसर प्रैट को हराकर चुनाव के अगले चरण में प्रवेश किया है. अब उनका मुकाबला मौजूदा मेयर करेन बैस से होगा.
अपनी जीत के बाद social media प्लेटफॉर्म एक्स पर नित्या रमन ने मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, “यह सफलता केवल उनकी नहीं, बल्कि उन हजारों लोगों की है जिन्होंने घर-घर जाकर प्रचार किया, फोन कॉल किए, संदेश भेजे, दान दिया और उनके अभियान को मजबूत बनाने में योगदान दिया.”
रमन ने अपने संदेश में शहर के सामने मौजूद चुनौतियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से शहर की राजनीति में प्रभावशाली हित समूहों को प्राथमिकता दी जाती रही है, जबकि आम नागरिक बढ़ते किराए, कमजोर सार्वजनिक सेवाओं और कई अन्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं. उन्होंने वादा किया कि वे एक ऐसा लॉस एंजिल्स बनाने के लिए काम करेंगी जो सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित, किफायती और बेहतर हो.
नित्या रमन का Political सफर सामाजिक कार्यों से शुरू हुआ था. सिटी काउंसिल में चुने जाने से पहले वह बेघरों के मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करती थीं. उनका लक्ष्य शहर में बेघर लोगों की संख्या कम करना और 2028 ओलंपिक खेलों से पहले सड़कों और अस्थायी शिविरों में रहने वाले लोगों की स्थिति में बड़ा सुधार लाना है.
एक शहरी योजनाकार के रूप में प्रशिक्षित रमन ने हार्वर्ड विश्वविद्यालय और एमआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2020 में उन्होंने लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल का चुनाव जीतकर इतिहास रचा था. वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी महिला और पहली दक्षिण एशियाई बनी थीं. मार्च 2024 में उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए भी भारी समर्थन मिला.
अपने कार्यकाल के दौरान रमन ने बेघरों के लिए सेवाओं का विस्तार, किफायती आवास निर्माण और जलवायु परिवर्तन से जुड़े लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है. अब उनकी नजर मेयर पद की जीत पर है.
–
केआर/