
New Delhi, 12 फरवरी . India ने नामीबिया के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. इसी के साथ India ने टी20 फॉर्मेट में रिकॉर्ड 47वीं बार 200 का आंकड़ा छुआ.
इस मामले में India शीर्ष पर है. वहीं, 29 बार 200 का आंकड़ा छूने वाली साउथ अफ्रीकी टीम इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है. न्यूजीलैंड ने 28 बार, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने 25-25 बार यह कारनामा किया है.
India ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद टी20 फॉर्मेट में 14 बार 200 का आंकड़ा छुआ है. इस टाइमफ्रेम में किसी दूसरी टीम ने सात से ज्यादा बार यह कारनामा नहीं किया है.
209/9 का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप में India का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. टीम इंडिया ने साल 2007 में इंग्लैंड के विरुद्ध 4 विकेट खोकर 218 रन बनाए थे. वहीं, साल 2021 में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के विरुद्ध 2 विकेट खोकर 210 रन जुटाए थे.
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 209 रन बनाए. ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 79 रन की पारी खेली. ईशान 24 गेंदों में 5 छक्कों और 6 चौकों के साथ 61 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद हार्दिक पंड्या (52) ने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 81 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया. हालांकि, 205 के स्कोर पर पंड्या का विकेट गिरने के बाद India ने तेजी से विकेट खो दिए.
नामीबिया की तरफ से कप्तान गेरहार्ड इरासमस ने 20 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि बेन शिकोंगो, जेजे स्मट्स और बर्नार्ड शोल्ट्ज ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
–
आरएसजी