नई दिल्ली, 16 अप्रैल . भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर थे. बुधवार को उनकी यात्रा का अंतिम दिन रहा. दक्षिण अफ्रीकी देश तंजानिया में नौसेना प्रमुख की यात्रा का उद्देश्य भारत और तंजानिया के बीच समुद्री सहयोग और रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना था.
नौसेना प्रमुख की तंजानिया यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में रक्षा साझेदारी को बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है. खास बात यह है कि नौसेना प्रमुख की यह यात्रा एक ऐसे समय पर हुई जब अफ्रीका में भारत समेत 10 देश एक साथ एक बेहद महत्वपूर्ण संयुक्त नौसैनिक अभ्यास कर रहे हैं.
इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य समुद्री डकैतियों के खिलाफ प्रशिक्षण और उन्हें रोकने का अभ्यास करना है. अपनी इस यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ने तंजानिया के रक्षा मंत्री से मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की.
गौरतलब है कि यह पहली बार है जब भारतीय नौसेना, अफ्रीका के कोमोरोस, जिबूती, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स, तंजानिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ ‘एइकीमी’ नामक साझा नौसैनिक समुद्री अभ्यास कर रही है. यही कारण रहा कि इस यात्रा में नौसेना प्रमुख ने अफ्रीका के कई अन्य नौसैनिक अधिकारियों से भी मुलाकात की.
एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने अपनी यात्रा के दौरान यहां अरुशा में तंजानिया के कमांड एंड स्टाफ कॉलेज का भी दौरा किया. यहां उन्हें विभिन्न अफ्रीकी देशों के अधिकारियों के लिए तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स द्वारा तैयार बहुमुखी पेशेवर सैन्य प्रशिक्षण का अवलोकन कराया गया. नौसेना प्रमुख ने भारतीय सैन्य प्रशिक्षण दल के सदस्यों सहित यहां की फैकल्टी से मुलाकात की. विचार-विमर्श में भारत और तंजानिया के बीच प्रशिक्षण के अवसरों को बढ़ाने और बेहतर सहयोग के अवसरों पर चर्चा की गई.
भारत और तंजानिया आपसी रक्षा सहयोग को भविष्य में और आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं. दोनों देशों का उद्देश्य आपसी संबंधों को मजबूत करना है. इसके लिए नए रास्ते तलाशने का प्रयास किया जा रहा है. आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए हिंद महासागर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा के महत्व पर भी दोनों देश जोर देते हैं. तंजानिया के आधिकारिक दौरे पर आए एडमिरल दिनेश त्रिपाठी का यहां गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत किया गया था.
नौसेना प्रमुख ने अपने इस दौरे में तंजानिया के रक्षा मंत्री के अलावा तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्सेज के प्रमुख जनरल जैकब जॉन से भी मुलाकात की है. नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने तंजानिया के दार-एस-सलाम में भारतीय युद्धपोत आईएनएस चेन्नई के डेक पर एक रिसेप्शन का आयोजन भी किया. तंजानिया के जनरल जैकब जॉन मकुंडा, तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वदीप डे इस कार्यक्रम में शामिल हुए. यह रिसेप्शन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने, भारत-अफ्रीका मैत्री को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से दिया गया था.
–
जीसीबी/