भाजपा संगठन और सरकार के तालमेल से हो रहे विकास कार्य: सीएम मोहन यादव

भोपाल, 26 अक्टूबर . मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में भाजपा के सदस्यता अभियान में रचे गए इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि सक्रिय सदस्यता में भी राज्य इतिहास रचेगा, वहीं भाजपा संगठन और सरकार के तालमेल से ही विकास कार्य किए जा रहे हैं.

राज्य की राजधानी में भाजपा कार्यालय में शनिवार को संगठन पर्व को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. राज्य में भाजपा ने एक करोड़ साठ लाख से ज्यादा सदस्य बनाए हैं. वर्तमान में सक्रिय सदस्यता अभियान चल रहा हैं, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा.

कार्यशाला के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पार्टी संगठन से तालमेल कर लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है. मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पार्टी के प्रदेश संगठन के साथ तालमेल कर लगातार कार्य कर रही है. संगठन पर्व की तरह सक्रिय सदस्यता में भी मध्य प्रदेश भाजपा इतिहास बनाएगी. पार्टी कार्यकर्ता संगठन पर्व के साथ सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं. संगठन पर्व में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में मध्य प्रदेश संगठन ने ऐतिहासिक कार्य किया है. कांग्रेस मध्य प्रदेश के साथ देशभर में तेजी से घट रही है, वह भी अपने लीडरशिप के कारण.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सदस्यता टोली ने जिस तरह से योजना बनाकर काम किया है, उसकी बदौलत प्रदेश भाजपा अब तक एक करोड़ 60 लाख से अधिक सदस्य बना चुकी है. हमने प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्यों का लक्ष्य रखा था. उस लक्ष्य को तो हमने पार कर ही लिया है, बचे हुए दिनों में हम लोकसभा चुनाव में मिले 2.24 करोड़ मतों के 70 प्रतिशत यानी लगभग 1.68 करोड़ सदस्यता का लक्ष्य भी हासिल कर लेंगे. अभी जो 1.60 करोड़ सदस्यता हुई है, उसमें से 1.30 करोड़ लोगों ने विधिवत फॉर्म भरकर भाजपा की सदस्यता ली है, जो एक इतिहास है.

उन्होंने कहा कि संगठन पर्व में पार्टी के उत्साही कार्यकर्ताओं ने मीडिया द्वारा चुनौती बताए जा रहे जिलों और विधानसभाओं में भी अच्छा काम किया है. यही वजह है कि हम भोपाल मध्य, भोपाल उत्तर तथा छिंदवाड़ा जैसी विधानसभाओं में भी सदस्यता का इतिहास बनाने में सफल हुए हैं. 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चल रहा है. मध्य प्रदेश में सदस्यता अभियान की तरह सक्रिय सदस्यता में भी इतिहास बनाया जाएगा.

एसएनपी/एफजेड