बेंगलुरु : 26 वर्षीय महिला ने आत्महत्या की, पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज

Bengaluru, 24 मई . Bengaluru के व्हाइटफील्ड इलाके में 26 साल की एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से कुछ ही देर पहले उसने अपनी छोटी बहन के साथ अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड शेयर किया था. महिला के परिवार वालों ने उसके पति और ससुराल वालों पर पिछले तीन सालों से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है.

महिला की पहचान लक्ष्मी प्रिया के रूप में हुई है. उसके परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, व्हाइटफील्ड Police ने उसके पति राजेश आराध्या, ससुर पलक्षराध्या और सास भाग्यम्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

Police के अनुसार, लक्ष्मी प्रिया की शादी 11 मई, 2023 को मैसूर के सिंदूर चौल्ट्री में राजेश आराध्या से हुई थी.

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शादी के तुरंत बाद, राजेश और उसके माता-पिता ने लक्ष्मी प्रिया को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करना शुरू कर दिया.

Police ने बताया कि बाद में लक्ष्मी प्रिया गर्भवती हो गई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया. बच्ची के जन्म के बाद, वह पिछले छह महीनों से अपने मायके में रह रही थी.

22 मई को दोपहर करीब 2:31 बजे, लक्ष्मी प्रिया ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड अपनी छोटी बहन जयश्री को व्हाट्सएप के जरिए भेजा.

उसके परिवार ने तुरंत फोन पर उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया.

Police ने बताया कि जब परिवार के सदस्यों ने बाद में राजेश आराध्या को फोन किया, तो उसने उन्हें बताया कि लक्ष्मी प्रिया की मौत हो गई है.

शिकायत के बाद, व्हाइटफील्ड Police ने जांच शुरू की और पति तथा ससुराल वालों के खिलाफ महिला को मानसिक क्रूरता और उत्पीड़न का शिकार बनाने के आरोप में मामला दर्ज किया.

Police ने बताया कि महिला की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब ट्विशा शर्मा केस अभी भी जांच के दायरे में है, जिसमें एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश का परिवार शामिल है.

नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा 12 मई को Bhopal में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी. यह घटना समर्थ सिंह से शादी के पांच महीने बाद हुई. समर्थ सिंह एक वकील और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह का पुत्र है.

डीकेएम/एबीएम

Leave a Comment