मणिरत्नम की अगली फिल्म में एआर रहमान देंगे म्यूजिक, विजय सेतुपति व साई पल्लवी निभाएंगे लीड रोल

Mumbai , 20 मार्च . दक्षिण भारतीय सिनेमा में जब भी बड़े नाम एक साथ आते हैं, तो दर्शकों की उम्मीदें अपने आप बढ़ जाती हैं. खासकर जब बात मणिरत्नम जैसे दिग्गज निर्देशक की हो, तो हर नई फिल्म अपने आप में एक खास प्रोजेक्ट बन जाती है. इस कड़ी में Friday को मणिरत्नम की प्रोडक्शन कंपनी मद्रास टॉकीज ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि उनकी अगली फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान तैयार करेंगे.

यह खबर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है, क्योंकि रहमान और मणिरत्नम की जोड़ी पहले भी कई यादगार गाने दे चुकी है.

दरअसल, इससे पहले कहा जा रहा था कि इस फिल्म के लिए किसी नए म्यूजिक डायरेक्टर से बातचीत चल रही है. हालांकि, अब इन सभी अफवाहों पर विराम लग गया है. मद्रास टॉकीज ने खुद ऐलान किया कि फिल्म का संगीत एआर रहमान ही देंगे. मणिरत्नम और रहमान की जोड़ी भारतीय सिनेमा की सबसे सफल और पसंदीदा जोड़ियों में से एक मानी जाती है, जिन्होंने कई सुपरहिट एल्बम दिए हैं.

प्रोडक्शन हाउस ने अपने social media प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी साझा की और बताया कि इस फिल्म में संगीत ए. आर. रहमान देंगे और म्यूजिक पार्टनर सोनी म्यूजिक है जबकि फिल्म को लाइका प्रोडक्शंस प्रस्तुत कर रही है. फिल्म का निर्देशन मणिरत्नम कर रहे हैं और इसमें विजय सेतुपति और साई पल्लवी लीड रोल में दिखाई देंगे. यह एक रोमांटिक एंटरटेनर फिल्म है.

फिल्म की शूटिंग को लेकर भी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट की शूटिंग इस साल गर्मियों में शुरू हो सकती है. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार जुलाई महीने से इसकी शूटिंग शुरू होने की संभावना है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.

इस बीच, विजय सेतुपति ने हाल ही में एक इंटरव्यू में मणिरत्नम के साथ काम करने के अपने अनुभव को भी साझा किया. उन्होंने बताया कि मणिरत्नम हर चीज में परफेक्ट तरीके से काम करते हैं. उनके साथ काम करना एक अलग अनुभव होता है.

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब विजय सेतुपति और मणिरत्नम साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दोनों ने फिल्म ‘चेक्का चिवंथा वानम’ में साथ में काम किया था. इस फिल्म को काफी सराहा गया था.

पीके/पीएम

Leave a Comment