Skip to content
Tuesday, 10 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
दुर्घटना,राष्ट्रीय

दीपावली की रात ठाणे में रहेजा बिल्डिंग में लगी भीषण आग, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे खुद मौके पर पहुंचे

दीपावली की रात ठाणे में रहेजा बिल्डिंग में लगी भीषण आग, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे खुद मौके पर पहुंचे

ठाणे, 9 नवंबर . दीपावली की रात ठाणे में आतिशबाजी खुशियों की जगह आफत बन गई. ठाणे की रहेजा गार्डन सोसाइटी की एक बहुमंजिला इमारत में पटाखों की वजह से भीषण आग लग गई. आग 8वीं, 9वीं और 10वीं मंजिल पर फैल गई थी, जिससे पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया और दर्जनों परिवार फंस गए.

सूचना मिलते ही Maharashtra के उपChief Minister एकनाथ शिंदे मौके पर पहुंचे और खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. फायर ब्रिगेड और टीडीआरएफ के जवानों की बहादुरी से 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

आग की घटना के बाद उपChief Minister एकनाथ शिंदे ने रहेजा गार्डन सोसाइटी का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों, फायर ब्रिगेड के जवानों और स्थानीय लोगों से बात की.

मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा, “ठाणे की रहेजा बिल्डिंग में रात करीब आठ बजे आग लग गई थी. आग बड़े पैमाने पर थी. फायर ब्रिगेड और टीडीआरएफ के जवानों ने बहुत हिम्मत से काम किया और खुद की जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाया. पचास लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है. पहले उनको पूरे टेरेस पर रिफ्यूज एरिया में लेकर गए. हम लोग लगातार उनसे संपर्क में थे.”

शिंदे ने कहा, “फंसे हुए लोगों में कई बुजुर्ग और बीमार लोग भी थे, जिन्हें हमारे जवानों ने नीचे उतारा. यह बहुत ही बहादुरी का काम था और इसमें ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया. ड्रोन से हमें पता चल रहा था कि कहां आग लगी है, कहां लोग खड़े हैं और उन्हें किस जगह ले जाना है. ड्रोन की वजह से दिशा-निर्देश देना आसान हो गया और लोगों से लगातार संपर्क में रहने के कारण किसी की भी जान नहीं गई, जो बहुत बड़ी बात है. सभी लोगों को सुरक्षित नीचे लाने का काम हमारी टीम ने किया है. उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहिए और उनकी बहादुरी को सलाम करना चाहिए.”

दीपावली पर पटाखे फोड़ने को लेकर लोगों को संदेश देते हुए शिंदे ने सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की. उन्होंने कहा, “पटाखा फोड़ते समय लोगों को सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना चाहिए. टेरेस पर, ओपन स्पेस में या पार्किंग में पटाखा नहीं फोड़ना चाहिए, क्योंकि आज कई जगह आगजनी की घटनाएं हुई हैं. इसलिए मेरी लोगों से अपील है कि पटाखे फोड़ते समय सुरक्षा का ध्यान रखें, ताकि किसी की भी जान जोखिम में न पड़े.”

वहीं, ठाणे के जिला कलेक्टर आईएएस डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने घटना के बाद एक बड़ा फैसला सुनाया. उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन लक्ष्मी पूजन पर ठाणे में 15 बड़े हादसे होने के बाद रॉकेट पटाखों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है.

कलेक्टर पांचाल ने कहा, “रहेजा गार्डन परिसर की बिल्डिंग में आग लगी थी. यहां टीडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की पूरी टीम मौजूद थी और टीएमसी, टीडीआरएफ सहित सभी विभागों ने बेहतर तालमेल के साथ काम करके आग पर काबू पाया.”

उन्होंने बताया कि इस रेस्क्यू में 50 लोगों के साथ-साथ कई पालतू कुत्तों और बिल्लियों को भी बचाया गया. उन्होंने कहा कि लोग घबरा गए थे, उनके रिश्तेदार भी परेशान थे, लेकिन उन्हें अच्छे से समझाकर एक्शन प्लान तय किया गया. कॉमन एरिया में लोगों को लाकर सुनियोजित तरीके से रेस्क्यू किया गया.

कलेक्टर ने आगे कहा, “दीपावली में रॉकेट से की जाने वाली आतिशबाजी की वजह से आग की कई घटनाएं सामने आ रही हैं, इसलिए रॉकेट वाली आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है. सोसाइटी में या सोसाइटी के पास लोग जो रॉकेट उड़ाते हैं, उसकी वजह से बालकनी या खिड़कियों से घर के अंदर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं. इसी को देखते हुए यह प्रतिबंध लगाया जा रहा है.”

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, “पटाखे सुरक्षित तरीके से फोड़ें, आतिशबाजी करते समय सुरक्षा का ध्यान रखें और उसे खुले स्थान पर करें. सोसाइटी के रिफ्यूज एरिया या टेरेस पर आतिशबाजी न करें और रॉकेट का इस्तेमाल भी न करें.”

–

पीआईएम/एबीएम

Share