Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

दिल्ली में 29 नवंबर को आरएसएस का ‘राष्ट्र वंदना’ कार्यक्रम, लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद

दिल्ली में 29 नवंबर को आरएसएस का ‘राष्ट्र वंदना’ कार्यक्रम, लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद

New Delhi, 28 अक्टूबर . राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) 29 नवंबर को दिल्ली के रोहिणी स्थित सेक्टर-23 में ‘राष्ट्र वंदना’ कार्यक्रम आयोजित करेगा. इस कार्यक्रम में लाखों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया है. इनमें वैज्ञानिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) विशेषज्ञ, डॉक्टर, शिक्षक और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हैं. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए आमंत्रित लोगों को एक विशेष क्यूआर कोड जारी किया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के पारंपरिक वाद्य दल ‘घोष’ की प्रस्तुति भी होगी. इसके लिए प्रतिभागियों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इन शिविरों के माध्यम से प्रतिभागियों को संगीत प्रस्तुति के लिए तैयार किया जा रहा है. ‘राष्ट्र वंदना’ कार्यक्रम के तहत हजारों पेड़ लगाने की पहल भी प्रस्तावित है. इसके अलावा, नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रयासों को भी कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाया जाएगा. इस अभियान को समर्थन देने के लिए समुदाय के सदस्य भी आगे आ रहे हैं.

इस कार्यक्रम के जरिए विभिन्न पेशेवर और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने की योजना है. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के निर्माण जैसे सामाजिक प्रयासों को भी बढ़ावा देने पर जोर रहेगा.

इधर, 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में संघ की बहुप्रतीक्षित अखिल भारतीय बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक के दौरान युवाओं के साथ संगठन के जुड़ाव को मजबूत करने की रणनीतियों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है.

सूत्रों के अनुसार, आरएसएस नई पीढ़ी को आकर्षित करने के लिए अपने पारंपरिक बौद्धिक कार्यक्रमों के अलावा सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों पर भी अपना ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहा है. संगठन की स्थापित परंपरा के अनुसार, अखिल भारतीय बैठक से पहले मेजबान शहर में एक विशेष बौद्धिक सत्र आयोजित किया जाता है.

–

डीएससी

Share