Skip to content
Thursday, 19 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राजनीति,राष्ट्रीय

एसआरएफटीआई परिसर में हिंसा की जांच कर रही समिति 27 नवंबर तक सौंपेगी रिपोर्ट

एसआरएफटीआई परिसर में हिंसा की जांच कर रही समिति 27 नवंबर तक सौंपेगी रिपोर्ट

कोलकाता, 18 नवंबर . पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में हाल में हुई हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए गठित तथ्य-जांच समिति 27 नवंबर तक 27 सितंबर की घटना पर अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है.

संस्थान के रजिस्ट्रार ने Wednesday को जारी एक आधिकारिक बयान में बताया कि वरिष्ठ शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारियों वाली समिति मामले से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों की विस्तृत जांच कर रही है.

बयान में कहा गया कि समिति सक्रिय रूप से अपना काम कर रही है. जांच के दायरे में बड़ी मात्रा में सामग्री, रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य शामिल हैं. सभी प्रासंगिक पहलुओं पर विचार सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत और गहन जांच की जा रही है.

कोलकाता स्थित इस प्रमुख फिल्म संस्थान में 27 सितंबर से छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है. यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य थिएटर में छात्रों पर कथित हमले के बाद शुरू हुआ था.

इसके बाद 4 अक्टूबर को एक प्रदर्शन के दौरान फिर तनाव बढ़ गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संस्थान का गेट जबरन खोलने की कोशिश की, लेकिन Policeकर्मियों ने उन्हें रोक दिया. सितंबर में हुई घटना की जांच के लिए अक्टूबर में समिति का गठन किया गया था. बाद में इसके जांच के दायरे में 4 अक्टूबर को हुई घटनाओं को भी शामिल कर लिया गया.

रजिस्ट्रार के बयान के अनुसार, 27 सितंबर की घटना से संबंधित रिपोर्ट 27 नवंबर, 2026 तक सक्षम प्राधिकारी को सौंपे जाने की उम्मीद है. वहीं, 4 अक्टूबर की घटना पर अलग से रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद सौंपी जाएगी. दोनों रिपोर्ट पर सक्षम प्राधिकारी विचार करेगा और उचित कार्रवाई करेगा.

एसआरएफटीआई के कुलपति संतोष अजमेरा ने कहा कि संस्थान प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है. उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से जांच में सहयोग करने की अपील की.

अजमेरा ने कहा कि तथ्यों को स्थापित करना, परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच करना और संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है. एसआरएफटीआई अपने छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूरे संस्थान समुदाय के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को तथ्य-जांच प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए और साक्ष्यों के आधार पर समिति को निष्कर्ष तक पहुंचने देना चाहिए.

–

डीएससी

Share