Skip to content
Friday, 20 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

उस्मान ख्वाजा ‘सबसे बड़े गद्दार’, सैंडपेपरगेट खुलासे के बाद पूर्व दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज का बयान

उस्मान ख्वाजा ‘सबसे बड़े गद्दार’, सैंडपेपरगेट खुलासे के बाद पूर्व दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज का बयान

पर्थ, 20 नवंबर . दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर उस्मान ख्वाजा को खेल का ‘सबसे बड़ा गद्दार’ कहा है. फैनी का यह बयान उस्मान ख्वाजा की नई किताब ‘सब्र’ में 2018 के बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल के ज़िक्र और उसे लेकर हो रहे विवाद के बाद आया है. ख्वाजा ने अपनी किताब ‘सब्र’ में दावा किया है कि 2018 में केपटाउन में हुए सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी.

फैनी डिविलियर्स ने इस मामले के सामने आने के बाद उस्मान ख्वाजा पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘सबसे बड़ा गद्दार’ कहा है.

पर्थ स्थित एक एफएम चैनल से बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा, “मैं ऑन रिकॉर्ड कहना चाहता हूं कि ख्वाजा शायद सबसे बड़ा गद्दार है, जिसे मैंने पिछले 40-50 वर्षों में खेल खेलते हुए देखा है. उसने हर एक कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ा है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है. उसने अपने साथी खिलाड़ियों को बेच दिया है. यह सही या गलत के बारे में नहीं है. गलत को पहले ही हैंडल किया जा चुका है. यह पहले से ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का हिस्सा रहा है. दुख की बात है कि ऐसा हुआ. इस आदमी ने सब कुछ फिर से सामने ला दिया है.”

डिविलियर्स ने कहा, “ख्वाजा ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को एक बार फिर बदनाम किया है. उसने दोस्ती तोड़ी है और टीम के अंदर जो कोड ऑफ कंडक्ट होता है, उसे भी तोड़ा है. उसने वह सब कुछ गलत किया है, जिसके बारे में कोई सोच सकता है.”

ख्वाजा की किताब प्रकाशित होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के अलग-अलग बयानों ने विवाद को और गहरा कर दिया है. पूर्व सलामी बल्लेबाज और उस टेस्ट का हिस्सा रहे डेविड वॉर्नर ने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है. वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने एक लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ख्वाजा के दावों को बकवास करार दिया था. मिचेल स्टार्क ने भी इस मामले पर अपने पुराने बयान को ही दोहराया है, जिसमें ख्वाजा के दावों से सहमति नहीं जताई गई है.

इन सबके बीच उस विवाद का सबसे बड़ा चेहरा रहे कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन में छपे 4,497 शब्दों के एक लेख में कहा है कि यह झूठ है कि कमिंस और टीम को सैंडपेपरगेट मामले की जानकारी नहीं थी. बैनक्रॉफ्ट का बयान आने के बाद कमिंस की मुश्किल बढ़ गई है. उन पर कप्तानी छोड़ने का दबाव बढ़ गया है.

2018 में हुई इस घटना में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को आरोपी मानकर सजा दी गई थी. स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर 9 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था.

–

पीएके

Share